एक नन्ही मकड़ी स्कॉटलैंड के राजा रॉबर्ट ब्रूस की प्रेरणा बनी

कुछ घटनाएं और कहानियां कभी फीकी नहीं पड़तीं और जब भी हम उन्हें दोबारा सुनते हैं तो वह हमें ज्ञान और प्रेरणा से भर देती हैं। यह उस समय की बात है जब रॉबर्ट ब्रूस स्कॉटलैंड के राजा थे। वह एक अच्छे और कुशल राजा थे , जिसके कारण उनके देश में समृद्धि और शांति का वातावरण था।

By Lotpot
New Update
एक नन्ही मकड़ी स्कॉटलैंड के राजा रॉबर्ट ब्रूस की प्रेरणा बनी

कुछ घटनाएं और कहानियां कभी फीकी नहीं पड़तीं और जब भी हम उन्हें दोबारा सुनते हैं तो वह हमें ज्ञान और प्रेरणा से भर देती हैं। यह उस समय की बात है जब रॉबर्ट ब्रूस स्कॉटलैंड के राजा थे। वह एक अच्छे और कुशल राजा थे , जिसके कारण उनके देश में समृद्धि और शांति का वातावरण था। देशवासी उनका बहुत सम्मान करते थे। पर यह शांतिपूर्ण वातावरण अधिक समय तक नहीं चला।

जल्द ही इंग्लैंड के राजा ने स्कॉटलैंड पर हमला कर दिया। दोनों देशों में भीषण युद्ध हुआ और अंत में राजा ब्रूस की हार हुई। इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड पर अधिकार कर लिया। राजा ब्रूस इतनी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं थे। उन्होंने गुप्त रूप से अपने सैनिकों को फिर से इकट्ठा किया और इंग्लैंड पर चढ़ाई की, लेकिन इस लड़ाई में भी राजा रॉबर्ट ब्रूस को करारी हार का सामना करना पड़ा।

इस प्रकार राजा ब्रूस ने बार-बार अपनी सेना को इंग्लैंड के खिलाफ लड़ने के लिए भेजा और बार-बार हार गए। चौदहवीं बार युद्ध हारने के पश्चात, उनकी सेना और प्रजा भी उनसे विमुख हो गई। तबाह राजा ब्रूस, इंग्लैंड की सेना से अपनी जान बचाने के लिए , एक जंगल की पहाड़ी गुफा में छिप गया। वह दु:ख और निराशा से सोचने लगे कि अब वह कभी अपना राज्य वापस नहीं पा सकेगा।

सोचते-सोचते अचानक उनकी नजर एक मकड़ी पर पड़ी जो गुफा की छत पर जाला बनाने की कोशिश कर रही थी। मकड़ी ने बार-बार छत पर जाला बुनने की कोशिश की लेकिन बार-बार गिर पड़ी, फिर भी वो नन्ही मकड़ी छत पर चढ़कर अपना जाला पूरा करने की कोशिश करती रही। राजा मकड़ी के इस प्रयास को आश्चर्य से देखता रहा।

मकड़ी बीस बार गुफा की छत से गिरी पर अपना घर बुनने के लिए फिर से छत पर चढ़ना नहीं छोड़ा और कोशिश करती रही। हर बार राजा ब्रूस ने सोचा कि अब मकड़ी हिम्मत हार कर रुक जाएगी, लेकिन राजा की सोच गलत निकली। आख़िरकार अपने इक्कीसवें प्रयास में मकड़ी गुफा की ऊँची छत में अपना जाला बनाने में सफल रही। यह देखकर, राजा ब्रूस उत्साह से भर गए और खुशी से चिल्ला पड़े कि वह तो केवल चौदह बार हारे है और अब उसे सात बार और कोशिश करनी है। उसने तुरंत अपने सैनिकों से फिर से संपर्क किया।

राजा के उत्साह और आत्मविश्वास को देखकर सैनिकों और प्रजा में भी साहस भर गया और फिर राजा ब्रूस और उनके सैनिकों ने इंग्लैंड के खिलाफ भीषण युद्ध किया, जिसके बाद इंग्लैंड की हार हुई और ब्रूस को उनका राज्य वापस मिल गया। इस घटना या कहानी ने दुनिया को सिखाया कि कोशिश करने वाले की कभी हार नहीं होती।

-सुलेना मजुमदार अरोरा