/lotpot/media/post_banners/nPZ6lxwLvSV3pGhHHoxm.jpg)
बाल कहानी : एक गांव में पिंकू नाम का एक लड़का रहता था जिसे तरह-तरह के चॉकलेट्स बहुत पसंद थी। उसकी नानी यह बात जानती थीं और अक्सर पिंकू को अपने घर में स्वागत करने के लिए ढेर सारे चॉकलेट्स देती थीं। गर्मियों की छुट्टियों में एक बार जब पिंकू अपनी नानी के घर गया तो नानी ने उसे खूब सारे चॉकलेट्स दिए।
पिंकू बड़ा खुश हुआ लेकिन उसे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि नानी अपनी पड़ोसियों के बच्चों को भी चॉकलेट्स बाँट रहीं हैं। पिंकू समझ गया कि नानी के पास चॉकलेट्स का भंडार है। इससे उसकी जिज्ञासा बढ़ी और उसने चॉकलेट की तलाश शुरू कर दी। घर के चारों ओर देखने के बाद, आखिरकार उसे चॉकलेट और कैंडी से भरा एक जार मिला। उसने तुरंत जार से ढेर सारी चॉकलेट और कैंडी निकाली और उसे अपने बैग में छिपा लिया।
अगले दिन पिंकू की मां उसे घर वापस लेने आई। घर लौटकर पिंकू ने छुप छुपकर बहुत सारे चॉकलेट्स खाए लेकिन कुछ दिनों बाद पिंकू को तेज पेट दर्द और दांत दर्द की शिकायत होने लगी। उसकी माँ उसे चेकअप के लिए डॉक्टर के पास ले गई, और डॉक्टर ने उन्हें बताया कि पिंकू बहुत अधिक चॉकलेट और कैंडी खा रहा है, जिससे उसकी दांतों में और पेट में समस्याएँ होने लगी।
यह सुनकर पिंकू की माँ आश्चर्य में पड़ गई और उसने पिंकू से जानने की माँग की कि उसे इतनी सारी चॉकलेट्स किसने दी। दोषी महसूस करते हुए पिंकू ने स्वीकार किया कि वह सारे चॉकलेट्स और कैंडीज़ अपनी नानी के घर से, उनकी अनुमति के बिना ही ले आया था। माँ ने उसे चोरी करने के लिए डाँटा और अपने किये की क्षमा माँगने के लिए उसे वापस नानी के घर ले गई।
पिंकू ने अपनी नानी से माफी मांगी और कभी चोरी न करने का वादा किया। नानी ने उसे माफ कर दिया और समझाया कि लालची होना और बिना अनुमति के किसी की चीजें लेना बहुत बुरी बात है। पिंकू को सबक मिल गया कि चॉकलेट के लिए उसके लालच ने उसे मुसीबत में डाल दिया था।
इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि लालच हमारे लिए मुसीबत का कारण बन सकता है, और चोरी करना कभी भी सही काम नहीं है।
★सुलेना मजुमदार अरोरा★